बुडापेस्ट। यूरोपीय क्लब फुटबॉल का सबसे बड़ा और प्रतिष्ठित हफ्ता आ चुका है। शनिवार की रात जब हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट के पुश्कास एरेना में रेफरी की सीटी बजेगी, तो मैदान पर सिर्फ एक ट्रॉफी नहीं, बल्कि फुटबॉल इतिहास का एक नया पन्ना लिखा जा रहा होगा। यूईएफए चैंपियंस लीग (2025-26) के इस महामुकाबले में इंग्लैंड का ‘गनर्स’ यानी आर्सेनल और फ्रांस का दिग्गज क्लब पेरिस सेंट-जर्मेन (पीएसजी) आमने-सामने हैं। मुकाबला आर-पार का है और दोनों ही क्लबों के सामने इतिहास रचने का सुनहरा मौका है।
एक तरफ आर्सेनल है, जो पहली बार इस चमचमाती ट्रॉफी को चूमने के लिए बेताब है। वहीं दूसरी तरफ, डिफेंडिंग चैंपियन पीएसजी की नजरें लगातार दूसरी बार यूरोप का बादशाह बनने पर टिकी हैं। फुटबॉल के दीवानों से लेकर बड़े-बड़े दिग्गजों तक, हर कोई इस फाइनल को लेकर अपनी-अपनी भविष्यवाणियां करने में जुटा है।
आर्सेनल के पास इतिहास बदलने का मौका
लंदन के इस ऐतिहासिक क्लब के पास वो सब कुछ है जो एक बड़े क्लब के पास होना चाहिए, सिवाय एक चैंपियंस लीग ट्रॉफी के। आर्सेनल ने आज तक यह खिताब नहीं जीता है। इससे पहले साल 2006 में टीम फाइनल तक तो पहुंची थी, लेकिन तब बार्सिलोना ने उनका सपना तोड़ दिया था। अब पूरे दो दशक बाद गनर्स के पास उस पुराने दर्द को भुलाकर इतिहास रचने का मौका है।कोच मिकेल आर्टेटा की देखरेख में इस सीजन आर्सेनल ने कमाल का खेल दिखाया है। डोमेस्टिक लीग में झंडे गाड़ने के बाद अब खिलाड़ियों की नजरें यूरोप के इस सबसे बड़े गौरव पर हैं। कप्तान समेत टीम के सीनियर खिलाड़ियों का भी मानना है कि यह 90 मिनट क्लब की पूरी तकदीर और तस्वीर बदल सकते हैं।
read also :
खिताब बचाने उतरेगी पीएसजी
दूसरी ओर, पीएसजी का जलवा अलग ही है। पिछले साल पहली बार चैंपियंस लीग का खिताब जीतने के बाद अब वे इसे अपने पास ही बनाए रखने के इरादे से उतरेंगे। पेरिस का यह क्लब अब रियल मैड्रिड या बायर्न म्यूनिख जैसी उन चुनिंदा टीमों की कतार में शामिल होना चाहता है, जिन्होंने लगातार दो बार इस ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है।
लुइस एनरिके की कोचिंग में पीएसजी इस पूरे सीजन में बेहद आक्रामक और बैलेंस नजर आई है। ख्विचा क्वारात्सखेलिया और उस्मान डेम्बेले जैसे विंगर्स ने विपक्षी कप्तानों की रातों की नींद उड़ा रखी है। इसके अलावा, पीएसजी के पास बड़े मैच खेलने और जीतने का हालिया अनुभव है, जो उन्हें मनोवैज्ञानिक रूप से थोड़ा आगे रखता है।
डिफेंस बनाम अटैक की असली जंग
यह मैच सिर्फ दो टीमों का नहीं, बल्कि फुटबॉल के दो अलग-अलग मिजाजों का मुकाबला है। आर्सेनल की ताकत उनका फौलादी डिफेंस और अनुशासन है। गोलकीपर डेविड राया के साथ विलियम सलीबा और गैब्रियल की जोड़ी ने इस पूरे टूर्नामेंट में अभेद्य दीवार खड़ी की है।इसके उलट, पीएसजी अपनी रफ्तार, कमाल के मिडफील्ड और ताबड़तोड़ अटैक के लिए जानी जाती है। वे सामने वाली टीम को संभलने का मौका ही नहीं देते। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि आर्सेनल की दीवार पीएसजी के तीखे हमलों को झेल पाती है या नहीं। रणनीति और सब्र की यह परीक्षा देखने लायक होगी।
पहली बार पुश्कास एरेना में सजेगी महफिल
लगभग 67 हजार की क्षमता वाला बुडापेस्ट का पुश्कास एरेना पहली बार चैंपियंस लीग के फाइनल की मेजबानी कर रहा है। इससे पहले यहाँ यूरोपा लीग के मैच तो हुए हैं, लेकिन इस दर्जे का मुकाबला पहली बार हंगरी की धरती पर हो रहा है।मैच को लेकर सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम हैं। लंदन और पेरिस से हजारों की तादाद में फैंस बुडापेस्ट पहुंच चुके हैं, जिससे स्थानीय प्रशासन की सांसें भी फूली हुई हैं और सुरक्षा व्यवस्था को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
किसकी होगी चांदी?
फुटबॉल की दुनिया दो गुटों में बंट चुकी है। एक तरफ आर्सेनल का 55 साल पुराना यूरोपीय खिताबी सूखा है जिसे वो हर हाल में खत्म करना चाहते हैं, तो दूसरी तरफ पीएसजी है जो आधुनिक फुटबॉल का नया ‘सुपरपावर’ बनने की राह पर है। दोनों टीमों के पास मैच विनर खिलाड़ियों की फौज है। मुकाबला कड़ा होगा और मुमकिन है कि मैच एक्स्ट्रा टाइम या पेनल्टी शूटआउट तक चला जाए। अब देखना यह है कि शनिवार की रात यह चमचमाती ट्रॉफी लंदन की फ्लाइट पकड़ती है या फिर पेरिस में ही रुक जाती है।







