हैदराबाद । कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज एक दिवसीय दौरे पर हैदराबाद पहुंचेंगे । कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अर्जेंटीना के फुटबॉल सुपरस्टार लियोनेल मेसी की हैदराबाद में होने वाली संभावित मुलाकात को लेकर राजनीतिक और खेल जगत में उत्सुकता बढ़ गई है , सूत्रों के अनुसार यह मुलाकात मेसी के प्रस्तावित GOAT India Tour 2025 के दौरान हो सकती है ।यह मुलाकात न केवल भारत बल्कि वैश्विक स्तर पर राजनीति और खेल के आपसी संवाद का एक यादगार उदाहरण बन सकती है।

क्या है मेसी का GOAT India Tour 2025
GOAT India Tour 2025 के तहत अर्जेंटीना के प्रसिद्ध फुटबॉलर लियोनेल मेसी तीन दिन के भारत दौरे पर आने वाले हैं ,इस दौरे में मेसी कोलकाता, मुंबई , दिल्ली और हैदराबाद जैसे प्रमुख शहरों में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे । हैदराबाद को इस दौरे का अहम केंद्र माना जा रहा है, जहां फुटबॉल से जुड़े आयोजनों , युवा खिलाड़ियों के प्रशिक्षण सत्र , सामाजिक संवाद और एक विशेष प्रदर्शनी मैच की योजना है।
फ्रेंडली मैच का होगा आयोजन
हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में एक फ्रेंडली मैच का आयोजन किया गया है , जिसमें लियोनेल मेसी अपनी टीम के साथ हिस्सा लेंगे , तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी इस मैच का हिस्सा हो सकते हैं , मैच को मनोरंजन और फुटबॉल उत्सव के रूप में रखा गया है , राहुल गांधी दर्शक दीर्घा से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा सकते हैं और खिलाड़ियों से मुलाकात भी कर सकते हैं ।
खेल और युवाओं से जुड़ाव का संदेश
राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा जोरों पर है कि राहुल गांधी और मेसी की यह मुलाकात औपचारिक होने के साथ साथ प्रतीकात्मक भी होगी । राहुल गांधी पहले भी कई अवसरों पर यह कहते रहें हैं कि खेल युवाओं को अनुशासन, नेतृत्व और टीमवर्क सिखाता है । उन्होंने भारत में खेल संस्कृति को मजबूत करने खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने और खेलों को शिक्षा से जोड़ने की आवश्यकता पर लगातार जोर दिया है|
दूसरी ओर मेसी केवल एक फुटबॉल खिलाड़ी नहीं बल्कि विश्वभर के करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणा का प्रतीक हैं| एक साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर विश्व फुटबॉल के शिखर तक पहुंचने की उनकी कहानी संघर्ष , मेहनत और आत्मविश्वास का उदाहरण मानी जाती है , ऐसे में राहुल गांधी और मेसी की संभावित मुलाकात को युवाओं के लिए एक सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है| श्री गांधी और मेसी की इस मुलाकात के दौरान भारत में फुटबॉल के भविष्य , खेलों के विकास, शिक्षण संस्थाओं में खेलों को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर चर्चा हो सकती है| इसके अलावा सामाजिक समानता , अवसरों की उपलब्धता और प्रतिभा को पहचानने जैसे मुद्दे भी बातचीत का हिस्सा बन सकते हैं ।
सोशल मीडिया में भी हलचल
सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों में इस मुलाकात को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है , कई लोग इसे “राजनीति और फुटबॉल का संगम” बता रहे हैं , तो कुछ इसे युवाओं को प्रेरित करने वाला कदम मान रहे हैं , फुटबॉल प्रेमी मेसी को नजदीक से देखने और सुनने के लिए उत्साहित हैं , वहीं राजनीतिक कार्यकर्ता राहुल गांधी की सक्रियता को सकारात्मक नजर से देख रहे हैं ।
सुरक्षा और तैयारियां
इस पूरे कार्यक्रम को लेकर हैदराबाद में सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है , प्रशासन और आयोजन समिति द्वारा व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं , इस दौरान स्टेडियम में बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमियों की पहुंचने की संभावना है।
यह तय है कि यदि राहुल गांधी और लियोनेल मेसी की हैदराबाद में मुलाकात होती है तो यह वर्ष 2025 की सबसे चर्चित घटनाओं में से एक होगी । यह मुलाकात न केवल राजनीति और खेल के बीच संवाद का नया अध्याय खोल सकती है बल्कि भारत के युवाओं को यह संदेश भी दे सकती है कि मेहनत , अनुशासन और सपनों पर विश्वास के दम पर कोई भी वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बना सकता है ।






