नई दिल्ली।
संसद के शीतकालीन सत्र 2025 में एक ऐसा विधेयक पेश किया गया है जिसने कर्मचारियों और कामकाजी जनता का ध्यान खींचा है और यह बिल है Right to Disconnect Bill 2025। यह विधेयक विशेष रूप से उन कर्मचारियों के हितों के लिए तैयार किया गया है जिन्हें अपनी ड्यूटी के बाद लगातार काम से जुड़ी कॉल, ईमेल या मैसेज के दबाव का सामना करना पड़ता है। इस समाचार में हम विस्तार से जानेंगे कि यह बिल क्या है, इसके प्रमुख प्रावधान क्या हैं, और यह भारतीय कामकाजी संस्कृति में कितना महत्वपूर्ण बदलाव ला सकता है।

क्या है Right to Disconnect Bill, 2025?
Right to Disconnect Bill, 2025 एक प्रस्तावित कानून है जिसे लोकसभा में नागरिक संसद सदस्य (Private Member) के रूप में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की सांसद सुप्रिया सुले ने पेश किया है। इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कामकाजी कर्मचारियों को कार्य समय समाप्त होने के बाद कार्य संबंधित संपर्क (जैसे फोन कॉल, ईमेल, संदेश आदि) के लिए बाध्य नहीं किया जाए।
निजी जीवन को बचानें में अहम योगदान
वर्तमान डिजिटल युग में, जहाँ स्मार्टफोन, ईमेल और कॉर्पोरेट चैट प्लेटफॉर्म ने काम और निजी जीवन के बीच की सीमाओं को लगभग मिटा दिया है, यह विधेयक इसे कानूनी रूप से स्थापित करने का प्रयास करता है कि कर्मचारी अपने वैयक्तिक समय पर स्विच ऑफ कर सकें।
क्या है बिल के मुख्य प्रावधान
यह विधेयक कई महत्वपूर्ण प्रावधानों को शामिल करता है, जिनका उद्देश्य कर्मचारियों के काम-जीवन संतुलन (work-life balance) को संरक्षित करना है। जैसे कार्य समय के बाद जवाब देने की बाध्यता नहीं होगी, अगर वे ऐसा नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं हो सकती। इसके साथ ही इस बिल में सभी संचार माध्यम शामिल किये गये है। यह प्रावधान केवल फोन कॉल तक सीमित नहीं है टेक्स्ट संदेश, व्हाट्सएप, ई-मेल, वीडियो कॉल और अन्य सभी डिजिटल संचार माध्यम शामिल हैं। वहीं आपात स्थितियों के लिए स्पष्ट नियम भी है। बिल में यह भी प्रस्ताव है कि आपात (emergency) स्थितियों के लिए कंपनी और कर्मचारी के बीच पूर्व सहमति पर विशेष प्रोटोकॉल बनाया जा सकता है।
इससे यह भी सुनिश्चित होगा कि जरूरत पड़ने पर संपर्क हो, लेकिन यह स्पष्ट रूप से परिभाषित होना चाहिए। वहीं ओवरटाइम और वेतन संरक्षण भी शामिल है, जिससे कर्मचारी यदि अपनी इच्छा से तय समयसीमा के बाद भी काम करते हैं, तो उन्हें ऑवरटाइम वेतन प्रदान किया जाना चाहिए। यह उन लोगों के लिए भी सुरक्षा देगा जो संविदानुसार अतिरिक्त समय काम करते हैं। वहीं कंपनियों के लिए दंड प्रावधान भी है, यदि जो कंपनियां इस नियम का उल्लंघन करती हैं, उन्हें कर्मचारियों के कुल वेतन का 1% तक दंड (पेनल्टी) देने का प्रावधान भी बिल में किया गया है। इससे न सिर्फ कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा होगी, बल्कि नियोक्ताओं को भी नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
Also read – घरेलू रक्षा प्रणाली को बढ़ावा, एकीकृत वायु रक्षा प्रणाली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में होगी तैनात
बिल पेश होने के क्या लगाये जा रहे मायनें ?
इस बिल का संसद में पेश होना इस बात का संकेत है कि भारत अब काम जीवन संतुलन व कर्मचारी कल्याण पर कानूनी रूप से विचार कर रहा है। यह उन देशों की तुलना में एक महत्वपूर्ण कदम है, जहाँ ऐसे नियम पहले से लागू हैं, जैसे फ्रांस, इटली, पुर्तगाल और ऑस्ट्रेलिया के कुछ हिस्सों में “right to disconnect” कानून पहले से मौजूद हैं।
डिजिटल व ग्लोबल कल्चर प्रभावित कर रहा जीवन
भारत में डिजिटल और ग्लोबल वर्क कल्चर के चलते कई कंपनियों में कर्मचारियों को अक्सर रात में, छुट्टियों पर और वीकेंड पर भी काम करने के लिए कहा जाता है। इससे मानसिक तनाव, नींद की कमी, भावनात्मक थकान और बर्नआउट जैसी समस्याएँ आम हो गई हैं। बिल इन चुनौतियों को पहचानता है और इसके समाधान की दिशा में काम करता है।
क्यों है यह बिल महत्वपूर्ण?
यह बिल कई मायनों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है जिसमें कर्मचारी स्वास्थ्य,काम-जीवन संतुलन,डिजिटल श्रंखला से मुक्ति, जैसी अहम बातें शामिल है। जिसका किसी व्यक्ति के निजी से सीधा संबंध है।
क्या पास होगा यह बिल ?
यह बिल एक निजी सदस्य विधेयक (Private Member Bill) है, जिसका मतलब यह होता है कि संसद सदस्य अपने विचार से कानून का प्रस्ताव पेश कर सकते हैं। लेकिन प्रथा के अनुसार ऐसे बिलों का पास होना बहुत दुर्लभ है कई बार वे चर्चा तक सीमित रह जाते हैं।
फिर भी, इस तरह का प्रस्ताव संसद में उठना ही भारतीय रोजगार कानूनों में कर्मचारियों के अधिकारों पर एक नई बहस की शुरुआत माना जा रहा है।






