भारतीय क्रिकेट के युवा सितारे वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 एशिया कप 2025 के पहले ही मुकाबले में एक अविश्वसनीय पारी खेलकर पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ दुबई में खेले गए इस मैच में इस 14 वर्षीय वंडर बॉय ने अपनी बल्लेबाजी से ऐसा तूफान खड़ा कर दिया कि रिकॉर्ड बुक्स में उथल-पुथल मच गई उनकी 95 गेंदों पर खेली गई 171 रनों की तूफानी पारी सिर्फ रनों का अंबार नहीं थी बल्कि उनके द्वारा लगाए गए 14 गगनचुंबी छक्कों ने उन्हें यूथ वनडे इंटरनेशनल (ODI) क्रिकेट में एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाला बल्लेबाज भी बना दिया।

छक्कों के नए बादशाह
वैभव सूर्यवंशी ने अपनी इस रिकॉर्ड-तोड़ पारी में 9 चौके भी जड़े, लेकिन 14 छक्कों का आंकड़ा ही सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बना हुआ है। उन्होंने180 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की जो यह बताता है कि यह युवा खिलाड़ी किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को तहस-नहस करने का माद्दा रखता है।
इस पारी के साथ ही वैभव ने ऑस्ट्रेलिया के माइकल विलियम हिल का 17 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया। माइकल हिल ने साल 2008 में नामीबिया अंडर-19 के खिलाफ यूथ वनडे मैच में 12 छक्के लगाए थे। वैभव ने इस कीर्तिमान को ध्वस्त करते हुए क्रिकेट इतिहास में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा लिया। यह सिर्फ एक रिकॉर्ड नहीं बल्कि एक युवा बल्लेबाज की निडरता और असाधारण प्रतिभा का प्रमाण है।
एक पारी कई कीर्तिमान
वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ छक्कों का रिकॉर्ड ही नहीं तोड़ा, बल्कि अपनी पारी के दौरान उन्होंने और भी कई उपलब्धियां हासिल कीं तेज तर्रार शतक उन्होंने मात्र 56 गेंदों में अपना शतक पूरा किया।
भारतीय रिकॉर्ड के करीब वह यूथ वनडे में भारत के लिए सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बनने से बाल-बाल बचे। यह रिकॉर्ड अभी भी अंबाती रायुडू के नाम है जिन्होंने 2002 में इंग्लैंड के खिलाफ 177 रनों की नाबाद पारी खेली थी। हालांकि वैभव ने भारतीय बल्लेबाजों में यूथ वनडे में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर दर्ज किया।
यूथ एशिया कप में सबसे बड़ी पारी वह अंडर-19 एशिया कप के इतिहास में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।
50 से अधिक यूथ ODI छक्के
इस पारी के बाद वैभव सूर्यवंशी यूथ वनडे में 50 से अधिक छक्के लगाने वाले इतिहास के पहले बल्लेबाज भी बन गए हैं जो उनकी निरंतर आक्रामक बल्लेबाजी को दर्शाता है।
उनकी इस शानदार पारी की बदौलत ही भारतीय अंडर-19 टीम ने 50 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 433 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया जो यूथ वनडे में भारत का सबसे बड़ा स्कोर है।
बिहार के लाल का उदय
बिहार के समस्तीपुर से आने वाले वैभव सूर्यवंशी ने बहुत कम उम्र में ही अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित करना शुरू कर दिया था। महज 14 साल की उम्र में इस तरह की परिपक्वता और पावर-हिटिंग क्षमता दिखाना उनकी असाधारण प्रतिभा का सबूत है। क्रिकेट पंडितों का मानना है कि वह भारतीय क्रिकेट का अगला बड़ा सितारा बनने की राह पर हैं।
इससे पहले भी वैभव ने विभिन्न विभिन्न टूर्नामेंटों में शानदार प्रदर्शन किया है। वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और आईपीएल में भी सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले खिलाड़ियों में भी शामिल रहे हैं। इन तमाम रिकॉर्ड्स और उनकी आक्रामक खेल शैली को देखकर क्रिकेट विशेषज्ञ यह कयास लगा रहे हैं कि जल्द ही उनकी सीनियर टीम इंडिया में एंट्री हो सकती है।
वैभव सूर्यवंशी की यह विस्फोटक पारी सिर्फ एक मैच की हाईलाइट नहीं है बल्कि यह युवा क्रिकेटरों के लिए एक प्रेरणा है कि कैसे निडर होकर अपने खेल को खेलना चाहिए। उनके बल्ले से निकले हर छक्के ने न केवल दर्शकों को रोमांचित किया बल्कि रिकॉर्ड बुक में एक नया अध्याय भी जोड़ दिया। यह देखना रोमांचक होगा कि आने वाले समय में यह युवा बल्लेबाज और कौन-कौन से रिकॉर्ड अपने नाम करता है।






