रियो डी जेनेरियो । ब्राजील के स्टार फुटबॉलर नेमार (Star footballer Neymar) ने आलोचकों को करारा जवाब देते हुए शानदार वापसी की है ।चोट के कारण खराब फॉर्म से जूझ रहे नेमार ने ब्राजीलियन लीग में अपनी टीम सेंटोस एफसी के लिए दो गोल दाग कर न केवल टीम को महत्वपूर्ण जीत दिलाई बल्कि क्लब इतिहास के शीर्ष -10 गोल स्कोररों की सूची में अपना नाम दर्ज करा लिया । ऐसा प्रदर्शन तब आया जब आगामी फीफा विश्वकप के लिए उनकी दावेदारी के लिए लगातार सवाल उठ रहे थे।
संघर्ष से वापसी तक
सेंटोस एफसी (Santos FC) और वास्को डा गामा (Vasco da Gama) के बीच खेले गए ब्राज़ीलियाई लीग मुकाबले में नेमार ने शानदार खेल दिखाते हुए अपनी टीम के लिए दोनों गोल किए और टीम को 2-1 की जीत दिलाई। लंबे समय से गोल न कर पाने के कारण लगातार आलोचनाओं का शिकार हो रहे नेमार ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अपने आलोचकों को जवाब दे दिया । यह मैच नेमार के लिए इसलिए भी खास रहा क्योंकि दिसंबर के बाद से वह किसी भी मैच में गोल नहीं कर सके थे , चोट से उबरने के बाद यह उनका पहला प्रभावशाली प्रदर्शन था । इन दो गोलों ने उनके आत्मविश्वास को नई ऊर्जा दी है । मैच के दौरान नेमार लगातार सक्रिय दिखे , आक्रामक अवसर बनाए और निर्णायक मौकों में गोल कर अपनी टीम को विजय दिलाई । जीत के साथ ही सेंटोस एफसी की खराब शुरुआत रुकी और टीम को अंकतालिका में राहत मिली।
क्लब इतिहास में नया मुकाम
इस मुकाबले में किए गए दो गोलों के साथ नेमार के सेंटोस एफसी के लिए किए गए गोलों की संख्या 151 तक पहुंच गई,जिससे वह क्लब के इतिहास में शीर्ष -10 गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए हैं । यह उपलब्धि उनके कैरियर की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक मानी जा रही है । सेंटोस वही क्लब है जहां से नेमार ने अपने पेशेवर करियर की शुरुआत की थी और विश्व के फ़ुबाल में अपनी पहचान बनाई ।
वापसी की कहानी
पिछले कुछ वर्षों में नेमार का करियर लगातार चोटों से प्रभावित रहा है।घुटने की सर्जरी के बाद वह लंबे समय तक मैदान से बाहर रहे और राष्ट्रीय टीम से दूर रहे।अक्टूबर 2023 के बाद उन्होंने ब्राजील के लिए कोई मैच नहीं खेला था। चोटों के बाद उनके करियर के ढलान तक की बातें कहीं जाने लगी थी ।सोशल मीडिया में भी उनकी फिटनेस और गति को लेकर सवाल उठ रहे थे, लेकिन इस मैच के बाद उन्होंने यह बता दिया कि वे अभी भी मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं ।
Read more :
- हालात ऐसे थे कि करनी पडी नौकरी ड्राइवर बेटी का अब IWL दिखाएगी दमखम
- English Premier League 2025-26 – खिताबी जंग रोमांचक मोड़ पर आर्सेनल शीर्ष पर
विश्वकप की उम्मीदें फिर जिंदा
इसी वर्ष फीफा विश्वकप कनाडा, अमेरिका और मैक्सिको में आयोजित होना है । ऐसे में नेमार का यह प्रदर्शन अहम माना जा रहा है । ब्राजील के कोच कार्लो एंसलौटी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि केवल पूरी तरह से फिट खिलाड़ियों को ही टीम में जगह मिलेगी।नेमार की शानदार वापसी ने चयन की दौड़ को फिर से दिलचस्प बना दिया है , खेल विशेषज्ञों का यह मानना है कि यदि वे लगातार फिट रहते हैं और इसी तरह का प्रदर्शन करते हैं तो विश्वकप में उनका अभियान देखने को मिल सकता है।
जीत से ज्यादा जरूरी था आत्मविश्वास
सीजन में खराब शुरुआत के कारण सेंटोस पर दबाव बढ़ गया था।टीम शुरुआती दौर के मैचों में नहीं जीत पा रही थी और निचले पायदान पर खिसक रही थी । नेमार के दो गोलों की बदौलत टीम ने न केवल जीत दर्ज की, बल्कि खिलाड़ियों का मनोबल भी ऊंचा हुआ है।
क्या यह करियर का अंतिम अध्याय होगा ?
34 वर्षीय नेमार पहले भी यह संकेत दे चुके हैं कि उनका करियर अंतिम चरण में पहुंच चुका है 2026 के बाद संन्यास से भी इंकार नहीं किया जा सकता।ऐसे में आगामी विश्वकप उनके करियर का अंतिम सबसे बड़ा टूर्नामेंट साबित हो सकता है। यही कारण है कि हर मैच अब उनको खुद को साबित करने का अवसर बन चुका है ।







