ऑकलैंड। दक्षिण अफ्रीका के न्यूजीलैंड दौरे के दौरान खेली जा रही पांच मैचों की T20 सीरीज का तीसरा मैच ऑकलैंड के ईडन पार्क मैदान में खेला गया।इस मुकाबले में मेजबान टीम न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को आठ विकेटों से पराजित कर सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है।
न्यूजीलैंड ने इस मैच में सभी विभागों में शानदार प्रदर्शन किया और पूरे खेल के दौरान दक्षिण अफ्रीकी टीम पर अपनी पकड़ मजबूत रखी।इस जीत के हीरो रहे तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन,उन्होंने तेज गेंदबाजी का शानदार प्रदर्शन करते हुए चार ओवरों में मात्र नौ रन खर्च करके एक विकेट लिया। मैच में इस शानदार प्रदर्शन के कारण उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। उन्होंने अपनी घातक गेंदबाजी से दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजी क्रम को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
टॉस जीतकर न्यूजीलैंड ने चुनी गेंदबाजी
इस मैच का टॉस न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने जीता, पिच के मिजाज को भांपते हुए उन्होंने पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया।न्यूज़ीलैंड के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और नियमित अंतराल पर विकेट झटके।लॉकी फर्ग्यूसन ने अपनी तेज रफ्तार और सटीक लाइन-लेंथ से बल्लेबाजों को परेशान किया। उनके अलावा अन्य गेंदबाजों ने भी बेहतरीन सहयोग दिया, जिससे दक्षिण अफ्रीका की टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में असफल रही।
पूरी टीम दबाव में नजर आई और कोई भी बल्लेबाज लंबी पारी नहीं खेल सका। नतीजतन, दक्षिण अफ्रीका निर्धारित बीस ओवरों में 9 विकटों पर 136 रनों के स्कोर तक पहुंच पाई और न्यूज़ीलैंड को अपेक्षाकृत आसान लक्ष्य मिला।दक्षिण अफ्रीका की तरफ से निचले क्रम के बल्लेबाज नक़ोबानी मौकोएना ने अपनी टीम के लिए 26 रनों की पारी खेली।
Read more:
- न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को 8 विकेट से हराया 5 मैच
- डेविड कॉन्वे की संयमित पारी के सामने ढेर हुई दक्षिण अफ्रीका
लैथम ने दिखाया दम,लक्ष्य को बनाया बौना
जीत के लिए न्यूजीलैंड को 137 रन बनाने थे , इस लक्ष्य को नजर में रखते हुए न्यूजीलैंड के दोनों सलामी बल्लेबाज मैदान में उतरे।एक ओर जहां अनुभवी बल्लेबाज टॉम लैथम ने धैर्य से बल्लेबाजी की वहीं दूसरे छोर से डेविड कॉन्वे ने आकर्षक शॉट लगाए।
टॉम लैथम ने जहां 63 रनों की पारी खेल कर न्यूजीलैंड की जीत में अहम योगदान दिया वहीं दूसरी ओर डेविड कॉन्वे ने 39 रनों की पारी खेली।इन दो बल्लेबाजों ने न्यूजीलैंड की जीत की नींव रखी और टीम ने लक्ष्य को आसानी से हासिल करते हुए केवल 2 विकेट खोकर मैच जीत लिया। न्यूजीलैंड ने पूरे मैच में दबदबा बनाए रखा और कहीं भी दबाव में नहीं दिखी।
सैंटनर की कप्तानी रही तारीफ के काबिल
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर की कप्तानी का मजबूत पक्ष विपक्षी टीम पर दवाब बनाए रखने की रणनीति रही,उन्होंने पिच के व्यवहार का सही पूर्वानुमान लगाया।उन्होंने गेंदबाजों का सही उपयोग किया और फील्डिंग सेटिंग्स से विपक्षी टीम पर लगातार दबाव बनाए रखा।उनकी कप्तानी में टीम ने अनुशासित और आक्रामक खेल का बेहतरीन संतुलन दिखाया। गेंदबाजी में भी सैंटनर ने कमाल करते हुए तीन ओवरों में 21 रन खर्च करते हुए अपनी टीम के लिए 2 विकेट लिए।
रोमांचक हुई सीरीज
जैसे – जैसे यह सीरीज आगे बढ़ती जा रही है , इस सीरीज में रोमांच भी बढ़ता जा रहा है। इस T20 सीरीज का पहला मुकाबला जहां दक्षिण अफ्रीका ने सात विकटों से जीता था , वहीं हैमिल्टन में खेले गए दूसरे मुकाबले में न्यूज़ीलैंड ने शानदार वापसी करते हुए मैच को 68 रनों से जीत लिया , तीसरे मैच की जीत के साथ न्यूजीलैंड अब सीरीज में 2-1 से आगे है और टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा हुआ है, जबकि दक्षिण अफ्रीका दबाव में नजर आ रही है।सीरीज के बाकी मुकाबले अब निर्णायक होने वाले हैं। न्यूज़ीलैंड जहां सीरीज जीतने के करीब है, वहीं दक्षिण अफ्रीका वापसी की कोशिश करेगा।
अगर कीवी टीम इसी लय को बनाए रखती है, तो उसके लिए सीरीज जीतना आसान हो सकता है।







