कोच्चि । इंडियन सुपर लीग (ISL) के बीच सत्र में केरला ब्लास्टर्स एफसी के प्रबंधन ने सबको चौंकाते हुए अपने कोचिंग स्टाफ में एक बड़ा बदलाव किया है, प्रबंधन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार अब इंग्लिश मूल के एश्ले वेस्टवुड अब टीम के नए मुख्य कोच होंगे,वे डेविड कटाला का स्थान लेंगे जो अभी तक टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी निभा रहे थे।
यह फैसला ऐसे समय में आया है जब टीम के प्रदर्शन में लगातार गिरावट हो रही है,और टीम के इंडियन सुपर लीग के प्ले ऑफ में पहुंचने की संभावनाएं बहुत कम हैं।लेकिन क्लब प्रबंधन भविष्य के लिए एक स्पष्ट और आधुनिक फुटबॉल पहचान स्थापित करना चाहता है, यह बदलाव क्लब के तकनीकी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
परिवर्तन की वजह
केरला ब्लास्टर्स फुटबॉल क्लब का प्रदर्शन इंडियन सुपर लीग के इस सत्र में खराब ही रहा है , टीम अंक तालिका के निचले पायदान में है। सीजन की शुरुआत से ही केरल ब्लास्टर्स लय में नजर नहीं आई। शुरुआती मुकाबलों में लगातार हार ने टीम का आत्मविश्वास पूरी तरह हिला दिया। डिफेंस कमजोर रहा, मिडफील्ड तालमेल नहीं बना सका और आक्रमण में धार की कमी साफ दिखाई दी।
क्लब प्रबंधन ने आधिकारिक तौर पर कहा कि डेविड कटाला के साथ “आपसी सहमति” से रास्ते अलग किए गए हैं, लेकिन अंदरखाने यह फैसला लगातार खराब परिणामों के कारण लिया गया माना जा रहा है।केवल मुख्य कोच ही नहीं, बल्कि सपोर्ट स्टाफ के कुछ अन्य सदस्यों को भी हटाया गया है। यह संकेत है कि क्लब अब पूरी तरह से नई शुरुआत करना चाहता है और टीम में व्यापक बदलाव के मूड में है।
वेस्टवुड का अनुभव : क्या बदलेगी खेल की शैली ?
एक कोच के रूप में एस्ले वेस्टवुड यूरोप और एशियाई फुटबॉल में एक बड़ा नाम है,उन्होंने बेंगलुरु एफसी के साथ शानदार सफलता हासिल की थी और टीम को कई खिताब दिलाए थे।वेस्टवुड की सबसे खास बात यह है कि वे भारतीय खिलाड़ियों की मानसिकता और लीग की प्रकृति को अच्छी तरह समझते हैं।
यही कारण है कि क्लब प्रबंधन ने संकट के समय उन पर भरोसा जताया है।क्लब के अधिकारियों ने वेस्टवुड की नियुक्ति पर भरोसा जताते हुए कहा कि उनका अनुभव टीम को मुश्किल दौर से बाहर निकालने में मदद करेगा।वहीं, वेस्टवुड ने जिम्मेदारी संभालते ही स्पष्ट कर दिया कि उनका पहला लक्ष्य टीम के आत्मविश्वास को वापस लाना और खेल में अनुशासन स्थापित करना होगा। उन्होंने कहा कि वे खिलाड़ियों के साथ मिलकर जल्द से जल्द सकारात्मक परिणाम लाने की कोशिश करेंगे।
read more :
- बेंगलुरु फुटबॉल क्लब के प्रबंधन का फैसला
- कोच जस्टिन लैंगर ने मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की कमान एडन मार्करम को मिलने का संकेत दिया
- SLC द्वारा श्रीलंका क्रिकेट टीम को मिला अपना नया कोच
मौजूदा सत्र पर होगा असर ?
केरला ब्लास्टर्स फुटबॉल क्लब के लिए मौजूदा स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण है। टीम के पास अब बहुत कम मैच बचे हैं और हर मुकाबला ‘करो या मरो’ जैसा हो गया है।यदि टीम को प्लेऑफ की दौड़ में बने रहना है, तो उसे लगातार जीत हासिल करनी होगी, जो मौजूदा फॉर्म को देखते हुए आसान नहीं लग रहा। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि वेस्टवुड के आने से टीम की रणनीति में बदलाव देखने को मिल सकता है। वे आमतौर पर संगठित डिफेंस और तेज काउंटर अटैक के लिए जाने जाते हैं।मिडफील्ड में संतुलन बनाना और खिलाड़ियों के बीच तालमेल बढ़ाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल होगा। इसके अलावा फिटनेस और अनुशासन पर भी विशेष ध्यान दिया जा सकता है।
आगे क्या ?
केरला ब्लास्टर्स को देश के सबसे लोकप्रिय क्लबों में गिना जाता है। कोच्चि का स्टेडियम हर मैच में ‘पीले समंदर’ में बदल जाता है, जहां हजारों प्रशंसक टीम को समर्थन देने पहुंचते हैं।हालांकि, लगातार हार ने फैंस को निराश जरूर किया है, लेकिन नए कोच के आने से उम्मीदें एक बार फिर जाग उठी हैं।केरल ब्लास्टर्स का यह फैसला केवल कोच बदलने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे सीजन को बचाने की आखिरी कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।अब सारी निगाहें एस्ले वेस्टवुड पर टिकी हैं।
यदि वे टीम को सही दिशा देने में सफल होते हैं, तो यह बदलाव नई शुरुआत साबित हो सकता है। अन्यथा, यह सीजन एक बार फिर निराशा की कहानी बनकर रह जाएगा।







