व्हाइट हाउस के पास बुधवार शाम हुई गोलीबारी ने अमेरिकी राजधानी को दहला दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल महिला नेशनल गार्ड सारा बेकस्ट्रॉम की गुरुवार सुबह मौत हो गई, जबकि दूसरा सैनिक एंड्रयू वॉल्फ जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहा है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सारा की मौत की पुष्टि करते हुए घटना को “राष्ट्र की सुरक्षा पर सीधा हमला” बताया है।

सारा और एंड्रयू वर्जीनिया नेशनल गार्ड से जुड़े थे और अगस्त की शुरुआत में वॉशिंगटन डीसी में एक विशेष सुरक्षा मिशन पर भेजे गए थे। हमले के वक्त दोनों फैरागट वेस्ट मेट्रो स्टेशन के बाहर नियमित पेट्रोलिंग कर रहे थे। अचानक पास से आए हमलावर ने नजदीक से फायरिंग शुरू कर दी। सारा को सिर और सीने में गोली मारी गई, जबकि एंड्रयू को कई गोलियां लगीं और वहीं मौके पर मौजूद तीसरे गार्ड की त्वरित कार्रवाई में हमलावर को काबू कर लिया गया।
हमलावर की पहचान—10 साल अफगान सेना में रहा, 2021 में अमेरिका आया
FBI ने हमलावर की पहचान 29 वर्षीय रहमानुल्लाह लाकनवाल के रूप में की है। वह अफगानिस्तान के खोस्त प्रांत का रहने वाला है और अगस्त 2021 में अमेरिका पहुंचा था। उसने 2024 में शरणार्थी का आवेदन किया, जिसे अप्रैल 2025 में मंजूरी मिली।
लाकनवाल का दावा है कि वह करीब 10 वर्षों तक अफगान सेना में रहा और अमेरिका के साथ संयुक्त ऑपरेशन भी किए। जांच एजेंसियां उसके पुराने सैन्य रिकॉर्ड और अमेरिका में उसके संपर्कों की गहन जांच कर रही हैं।उसका परिवार वॉशिंगटन के बेलिंगहैम में रहता है।
थैंक्सगिविंग पर भी ड्यूटी पर आए थे दोनों गार्ड, ‘स्वेच्छा से सेवा’
अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि सारा और एंड्रयू दोनों ने थैंक्सगिविंग के दिन छुट्टी होने के बावजूद ड्यूटी पर आने का निर्णय लिया था, ताकि दूसरे सैनिक अपने परिवारों के साथ समय बिता सकें।
अटॉर्नी जनरल पैम बॉंडी ने कहा—
“दोनों गार्ड कर्तव्य भावना के प्रतीक थे। थैंक्सगिविंग पर उनकी मौजूदगी ही उनकी प्रतिबद्धता बताती है।”
ट्रम्प का बयान—“हमारी सुरक्षा पर बाइडेन प्रशासन की लापरवाही”
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने हमले के बाद राजनीतिक हमला भी तेज कर दिया। उन्होंने कहा कि
“संदिग्ध को बाइडेन प्रशासन के दौरान अमेरिका आने दिया गया। यह हमारी सुरक्षा नीतियों की सबसे बड़ी विफलता है।” उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत सख्त कदम उठाने के आदेश देते हुए अफगान मूल के सभी नागरिकों की जांच तेज करने को कहा है।”
अफगान नागरिकों की इमिग्रेशन प्रक्रिया अनिश्चितकाल के लिए निलंबित हमले के तुरंत बाद USCIS ने बड़ा कदम उठाते हुए घोषणा की है कि अफगान नागरिकों की सभी इमिग्रेशन प्रक्रियाएँ रोक दी गई हैं।
एजेंसी ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनज़र वेटिंग और स्क्रीनिंग सिस्टम की पूरी समीक्षा आवश्यक है। जब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं होती, कोई भी अफगान नागरिक इमिग्रेशन प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ा सकेगा।
USCIS के अनुसार—
“अमेरिकी जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए कठोर निर्णय जरूरी था।”
मकसद अब भी साफ नहीं, FBI आतंकी कोण से जांच कर रही। FBI इस घटना को प्राथमिक तौर पर लोन-वुल्फ आतंकी हमले के रूप में देख रही है। हालांकि अभी तक कोई दूसरा संदिग्ध सामने नहीं आया है। घटना स्थल से हथियार और तकनीकी साक्ष्य जब्त किए गए हैं, जिनकी फोरेंसिक जांच जारी है। जांच अधिकारी यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि हमला अचानक था या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा।






