डेलीबार्ता “विज्ञान घर” वह अनोखा कार्यक्रम है जो देश भर से चुनें गये प्रतिभावान युवाओं को मंच देता है। और जल्द ही यह कार्यक्रम दर्शकों के सामनें आनें जा रहा है। इस वर्ष यह कार्यक्रम (विज्ञान घर सीजन – 5) का प्रसाद 17 मार्च से 27 मार्च तक किया जाएगा। जिसमें देश के अलग-अलग राज्यों से चुने गए 20 प्रतिभाशाली बाल वैज्ञानिक शामिल होगें और 10 दिनों तक विज्ञान और तकनीक से जुड़े विभिन्न कार्यों और चुनौतियों में भाग लेते नजर आएंगे।
यूपी के उत्कर्ष नें बनाई जगह
विज्ञान घर सीजन – 5 के इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र के छांयसा गांव के रहने वाले छात्र उत्कर्ष का चयन हुआ है। यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उत्कर्ष अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर देशभर से चुने गए प्रतिभागियों की सूची में जगह बनाने में सफल हुए हैं।
देशभर से चुने गए 20 बाल वैज्ञानिक
विज्ञान घर कार्यक्रम के लिए इस बार पूरे देश से बड़ी संख्या में छात्रों ने आवेदन किया था। आयोजकों के अनुसार लगभग 2 हजार से अधिक युवाओं ने अपनी एंट्री भेजी थी। कड़े चयन प्रक्रिया के बाद इनमें से केवल 20 प्रतिभाशाली बाल वैज्ञानिकों को इस कार्यक्रम के लिए चुना गया है। इन सभी छात्रों को विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में उनके नवाचार, प्रोजेक्ट और प्रतिभा के आधार पर चयनित किया गया है। उत्कर्ष भी इन्हीं 20 प्रतिभागियों में शामिल हैं और वे अपने विचारों तथा प्रोजेक्ट के माध्यम से विज्ञान की नई संभावनाओं को प्रस्तुत करेंगे।
Read more:
- गाना गाने से क्यों मिलता है सुकून क्या कहता है विज्ञान
- ISRO के लिये DDU के 5 स्टूडेंट्स का चयन अखिल भारतीय तकनीकी सम्मेलन 2025 में होगें शामिल
बिग बॉस की तर्ज पर होगा विज्ञान घर
विज्ञान घर सीजन-5 का प्रारूप इस बार काफी रोचक बनाया गया है। यह शो काफी हद तक लोकप्रिय रियलिटी शो बिग बॉस की तरह होगा, लेकिन इसमें मनोरंजन के साथ-साथ विज्ञान और तकनीक का समावेश रहेगा।
एक ही स्थान पर रहते हैं प्रतिभागी, हर दिन नया टॉस्क
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों को एक ही स्थान पर रखा जाएगा और हर दिन उन्हें नए-नए टास्क दिए जाएंगे। ये टास्क विज्ञान, तकनीक, नवाचार और समस्या समाधान से जुड़े होंगे। प्रतिभागियों को इन चुनौतियों को तय समय सीमा में पूरा करना होगा। इसके साथ ही सभी प्रतिभागियों के लिए एक विशेष दिनचर्या भी तय की गई है। इस दिनचर्या के अनुसार उन्हें अपने प्रोजेक्ट पर काम करना, टीम एक्टिविटी में भाग लेना, विशेषज्ञों से चर्चा करना और समूह में विचारों का आदान-प्रदान करना होगा।
जीरो वेस्ट लाइफस्टाइल पर होगा उत्कर्ष का प्रोजेक्ट
विज्ञान घर सीजन-5 में उत्कर्ष का चयन ‘जीरो वेस्ट लाइफस्टाइल’ विषय पर हुआ है। इस विषय के माध्यम से वह यह बताने का प्रयास करेंगे कि किस तरह हम अपने दैनिक जीवन में कचरे को कम कर सकते हैं और पर्यावरण को सुरक्षित बना सकते हैं। उत्कर्ष का मानना है कि अगर लोग अपने जीवन में छोटे-छोटे बदलाव करें तो कचरे की मात्रा को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उनके प्रोजेक्ट का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ टिकाऊ जीवनशैली को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि वह 15 मार्च को मेरठ के लिए रवाना होंगे, जहां विज्ञान घर कार्यक्रम की तैयारियां और गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
सरकारी स्कूल के छात्र हैं उत्कर्ष
उत्कर्ष की सफलता इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। वह दादरी के कलौंदा स्थित वत्स राज स्वतंत्र भारत इंटर कॉलेज में कक्षा 12वीं के छात्र हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं होने के कारण उन्होंने शुरू से ही सरकारी स्कूल में पढ़ाई की है। इसके बावजूद उन्होंने विज्ञान के प्रति अपनी रुचि को बनाए रखा और लगातार नए प्रयोग तथा प्रोजेक्ट तैयार करते रहे।
नासा में भी चयनित हो चुका है मॉडल
उत्कर्ष की प्रतिभा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनका एक मॉडल नासा में भी चयनित हो चुका है।उन्होंने बेहद कम लागत में एक अनोखा प्रयोग करते हुए सिर्फ 150 रुपये में वायरलेस इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जर तैयार किया था। यह चार्जर बिना तार के इलेक्ट्रिक वाहन को चार्ज करने की क्षमता रखता है। उनके इस नवाचार ने कई विशेषज्ञों का ध्यान आकर्षित किया और उन्हें विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
संघर्षों से भरा रहा जीवन
उत्कर्ष का जीवन संघर्षों से भरा रहा है। उन्होंने बताया कि बचपन से ही उन्हें कई कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी। करीब 10 वर्ष पहले उनके पिता उपेंद्र सिंह को ब्रेन हेमरेज हो गया था, जिसके बाद परिवार की आर्थिक स्थिति और अधिक चुनौतीपूर्ण हो गई। उनके दादा सुरेंद्र सिंह खेती करते हैं और परिवार के बाकी सदस्य भी खेती तथा दूध बेचने में उनका सहयोग करते हैं। इसी से घर का खर्च चलता है। इन परिस्थितियों के बावजूद उत्कर्ष ने अपनी पढ़ाई और विज्ञान के प्रति अपने जुनून को कभी कम नहीं होने दिया।
विशेषज्ञों के साथ सीखने का मिलेगा मौका
विज्ञान घर कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को देश के कई विशेषज्ञों और वैज्ञानिकों के साथ काम करने और उनसे सीखने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में प्रतिदिन प्रोजेक्ट एक्टिविटी, टीम टास्क, समूह चर्चा, लंच और अन्य रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा विशेषज्ञों के साथ ग्रुप इंटरैक्शन भी होगा, जिसमें बच्चे अपने विचारों और अनुभवों को साझा करेंगे। हर दिन प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाएगा और विशेषज्ञों की टीम ही प्रतिदिन के विजेता प्रतिभागी का चयन करेगी।
युवाओं के लिए प्रेरणा बन रहे उत्कर्ष
उत्कर्ष की कहानी यह साबित करती है कि अगर मेहनत, लगन और सपने देखने का साहस हो तो सीमित संसाधन भी सफलता की राह में बाधा नहीं बनते। ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले इस छात्र ने अपनी प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। अब विज्ञान घर सीजन-5 में भाग लेकर वह देशभर के युवाओं के लिए प्रेरणा बनने जा रहे हैं। उम्मीद की जा रही है कि इस मंच के माध्यम से उत्कर्ष न केवल अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे बल्कि विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में नई सोच और नए विचारों को भी आगे बढ़ाएंगे।







