विश्व की प्रसिद्ध फुटबॉल लीगों में से एक इंग्लिश प्रीमियर लीग(EPL )के एक मुकाबले में आर्सेनल फुटबॉल क्लब ने एवरटन फुटबॉल क्लब को 2-0 से हरा दिया। लन्दन के एमिरेट्स स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में लंबे समय तक दोनों टीमों के बीच मैच बराबरी पर रहा किंतु मैच के अंतिम मिनटों में आर्सेनल ने दो गोल कर इस मैच को अपने नाम कर लिया। इस जीत में आर्सेनल के 16 वर्षीय खिलाड़ी मैक्स डाउमन का अहम योगदान रहा जिन्होंने एक गोल करने के साथ – साथ दूसरे गोल में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और इंग्लिश प्रीमियर लीग के इतिहास में सब से कम उम्र के गोल स्कोरर बन गए। इस जीत ने आर्सेनल को खिताबी दौड़ में मजबूत स्थिति पर ला दिया, आर्सेनल ने अपने प्रतिद्वंदियों पर महत्वपूर्ण बढ़त बना ली है और 22 साल बाद टीम खिताब जीतने के काफी नजदीक पहुंच गई है।
गेंद पर कब्जे का लंबा संघर्ष
यदि शुरुआती आंकड़ों पर नजर डालें तो दोनों टीमों ने बराबरी का खेल दिखाया, खेल के शुरुआत से आर्सेनल ने गेंद को अपने कब्जे में रखा और एवर्टन के गोलपोस्ट पर हमले किए लेकिन एवरटन की मजबूत रक्षापंक्ति ने खेल के 80 मिनट तक विपक्षी टीम को गोल करने का अवसर नहीं दिया। एवरटन के गोलकीपर जॉर्डन पिकफर्ड ने कई बेहतरीन बचाव किए, जिससे आर्सेनल को निराशा हाथ लगी, एवरटन ने भी काउंटर अटैक के जरिए कुछ आक्रामक मूव बनाए । इस दौरान एवरटन के विंगर ड्वाइट मैकनिल का एक तगड़ा शॉट आर्सेनल के गोलपोस्ट से टकरा कर बाहर चला गया, इस तगड़े प्रहार ने कुछ समय के लिए आर्सेनल के समर्थकों को खामोश कर दिया।
read also : English Premier League : अंतिम मिनट का वार, न्यूकासल में मैनचेस्टर यूनाइटेड को 2-1 चौंकाया
डाउमन ने पलट दिया मैच
मैच के 74वें मिनट में आर्सेनल के कोच मिकेल आरटेटा से सब्स्टीट्यूट के रूप में 16 वर्षीय खिलाड़ी मैक्स डाउमन को मैदान में उतारा , महज कुछ ही मिनटों में इस खिलाड़ी ने पूरे मैच की तस्वीर ही बदल डाली। मैच के 89वें मिनट में डाउमन ने एक शानदार क्रॉस दिया और आर्सेनल के स्ट्राइकर विक्टर ज्योकर्स ने गेंद को गोलपोस्ट के अंदर डाल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी।
रचा गया इतिहास
खेल के इंजरी टाइम में एवरटन ने बराबरी की कोशिशें जारी रखीं और गोलकीपर को भी आगे भेज दिया गया, इसी मौके का फायदा डाउमन ने उठाया, उन्होंने गेंद अपने हॉफ से आधा मैदान पार करते हुए अपनी टीम के लिए दूसरा गोल कर टीम की बढ़त को 2-0 कर दिया।इस गोल के साथ मैक्स डाउमन 16 साल 73 दिन की उम्र में इंग्लिश प्रीमियर लीग में सबसे कम उम्र के गोल स्कोरर बन गए।
जमकर हुई तारीफ
मैच के बाद आर्सेनल के कोच मिकेल आरटेटा ने मैक्स डाउमन के खेल की तारीफ करते हुए इसे जादुई प्रदर्शन बताया , उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में इस तरह का प्रदर्शन , आत्मविश्वास और मैच पर प्रभाव डालना असाधारण है, टीम में युवा खिलाड़ियों को मौका देना प्रबंधन की रणनीति का हिस्सा है और मैक्स डाउमन ने उनके भरोसे को सही साबित किया।

खिताबी रेस में आगे बढ़ा आर्सेनल
आर्सेनल फुटबॉल क्लब प्रीमियर लीग में लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर खिताब की ओर तेजी से बढ़ रही है , इस जीत के साथ ही आर्सेनल ने अंकतालिका में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है।इस बार टीम का प्रदर्शन संतुलित और आत्मविश्वास से भरपूर दिखाई दे रहा है, पिछले कुछ वर्षों में भी भी आर्सेनल खिताब का मजबूत दावेदार रहा था लेकिन अंतिम चरणों में खराब प्रदर्शन ने टीम को निराशा में डाला था ।
read more :
- English Premier League 2025-26 Arsenal vs Chelsea मुकाबले
- English Premier League 2025-2026 एवर्टन पर Manchester United की जीत
भविष्य के सितारे की झलक
मैक्स डाउमन जैसे उभरते हुए खिलाड़ी केवल आर्सेनल के लिए ही नहीं बल्कि इंग्लिश फुटबॉल के लिए भी एक सकारात्मक संकेत हैं। कम उम्र में शानदार प्रदर्शन डाउमन को इंग्लैंड फुटबॉल के बड़े सितारों में शामिल कर सकता है ।







