हैदराबाद । एफआईएच महिला विश्वकप हॉकी क्वालीफायर टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने इटली को 1-0 से हराकर फाइनल में अपनी जगह सुरक्षित कर ली है। भारत की इस जीत की नायिका मिडफील्डर मनीषा चौहान रहीं, जिन्होंने खेल के तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम के लिए गोल किया , इस गोल की बढ़त को भारतीय टीम ने खेल के अंत तक बनाए रखा। फाइनल में भारत का मुकाबला इंग्लैंड से होगा जिसने पहले सेमीफाइनल में स्कॉटलैंड को पराजित किया था।
पहला क्वार्टर, बराबरी की टक्कर
हैदराबाद के जीएमसी बालायोगी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले के पहले क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच जबरदस्त भिड़ंत देखने को मिली। दोनों टीमों ने गेंद पर नियंत्रण रखने का प्रयास किया और मिडफील्ड में अच्छा संघर्ष देखने को मिला। इस क्वार्टर के दौरान दोनों टीमों ने एक दूसरे की नब्ज टटोली और एक दूसरे पर हमले किए , लेकिन दोनों टीमों के रक्षापंक्ति के खिलाड़ी चौकन्ने थे और उनके द्वारा हमलों को नाकाम किया गया , इस दौरान दोनों गोलकीपरों ने भी कुछ अच्छे बचाव किए।पहले क्वार्टर के अंत तक कोई भी टीम गोल नहीं कर पाई और यह क्वार्टर 0-0 की बराबरी पर समाप्त हुआ।
दूसरा क्वार्टर भारत का दबदबा
दूसरे क्वार्टर में भारतीय कोच ने रणनीति बदली,जिसका असर भारतीय खिलाड़ियों पर दिखा, इस क्वार्टर की शुरुआत ही भारतीय टीम ने आक्रामक खेल के साथ किया और दोनों विंगों से हमले करते हुए इटली के शूटिंग सर्किल में कई बार प्रवेश किया, इस आक्रामक हॉकी का नतीजा यह हुआ कि मैच के 18 वें मिनट में भारत को पहला पेनाल्टी कार्नर मिला,नवनीत कौर ने इस मौके को भुनाने का प्रयास किया और शानदार ड्रैग फ्लिक लगाई,लेकिन इटली की गोलकीपर लूसिया एनेस ने शानदार बचाव करते हुए भारत को बढ़त लेने का कोई मौका नहीं दिया। 27वें मिनट में भारत ने एक बार फिर इटली के शूटिंग सर्किल में प्रवेश किया , इटली की रक्षापंक्ति के खिलाड़ी का फाउल हुआ और भारत को एक और पेनाल्टी कार्नर मिला , इस बार भारतीय कप्तान सलीमा टेटे ने प्रयास किया लेकिन गोलपोस्ट पर खड़ी डिफेंस की खिलाड़ी ने गेंद को गोल लाइन के पहले ही रोक लिया। 29वें मिनट में भी भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन नवनीत कौर का फ्लिक निशाने से बाहर चला गया ।
Read more:
- FIH प्रो लीग 2025-26- टॉम बून की हैट्रिक से बेल्जियम की दमदार जीत अर्जेंटीना 5-3 से पराजित
- FIH प्रो लीग में भारत की शर्मनाक हार -अर्जेंटीना ने 8–0 से रौंदा
- FIH प्रो लीग 2025-26-शुरुआती झटकों से उबर न सकी भारतीय टीम बेल्जियम ने 4–2 से हराया
तीसरा क्वार्टर, भारत की निर्णायक बढ़त
तीसरे क्वार्टर के शुरुआती मिनटों में इटली की टीम ने भारतीय डिफेंस को चौंकाया और एक शानदार हमला किया , इटली की फॉरवर्ड खिलाड़ी एमिलिया मुनितिस भारतीय गोल के नजदीक पहुंच गईं , लेकिन भारतीय गोलकीपर बीचू देवी खारिबाम ने तत्परता दिखाते हुए इटली के इस हमले को नाकाम कर दिया। इस हमले के बाद भारतीय टीम ने मैच में एक बार फिर से पकड़ बनाना शुरू किया। मैच के 40वें मिनट में भारत को एक और पेनाल्टी कार्नर मिला और इस बार भारतीय टीम ने अवसर नहीं जाने दिया।मनीषा चौहान ने एक तेज ड्रैग फ्लिक लगाई जो इटली की डिफेंस और गोलकीपर को चीरती हुई सीधे गोलपोस्ट में समा गई, यह गोल मनीषा चौहान का टूर्नामेंट का पहला गोल था, लेकिन यह बेहद अहम मौके पर आया।
आखिरी क्वार्टर, इटली की कोशिश
मैच में बने रहने के लिए अंतिम क्वार्टर में इटली की खिलाड़ियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी, उनके द्वारा भारतीय सर्कल में कई हमले भी किए गए, लेकिन टीम इन हमलों को गोल में नहीं बदल पाई, मैच के अंतिम मिनटों में उन्हेें पेनाल्टी कार्नर भी मिला , लेकिन भारतीय गोलकीपर ने शानदार बचाव कर टीम को खतरे से बाहर निकाल दिया और मैच अंत में भारत के पक्ष में 1-0 के नतीजे के साथ खत्म हुआ।
गोलकीपर और रक्षापंक्ति बनी दीवार
इस मैच को भारतीय टीम की रक्षापंक्ति और गोलकीपर के शानदार प्रदर्शन के लिए याद किया जाएगा , जिन्होंने इटली के कई हमलों को नाकाम किया और अपनी बढ़त को अंत तक बनाए रखने में अहम योगदान दिया। भारतीय गोलकीपर बीचू देवी खारिबाम ने भी गोल लाइन में कुछ शानदार बचाव किए।
FIH Pro League 2025-26 – जीत के करीब पहुंच कर भी हारा भारत स्पेन ने शूटआउट में किया 4-3 से पराजित
फाइनल में इंग्लैंड से होगी भिड़ंत
इटली पर मिली इस जीत से भारतीय टीम फाइनल में पहुंच गई जहां उसका मुकाबला इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम से होगा, इंग्लैंड ने स्कॉटलैंड को पराजित कर पहले ही फाइनल के लिए अपनी जगह बनाई थी। फाइनल मुकाबले में मैच के रोमांचक होने की संभावना है, क्योंकि दोनों टीमों ने पूरे प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन किया है। इंग्लैंड की टीम जहां अपनी तेजी और फिटनेस के लिए जानी जाती है वहीं भारतीय टीम अपने घरेलू मैदान और दर्शकों के समर्थन का फायदा उठाने का प्रयास करेगी , नतीजा चाहे कुछ भी हो लेकिन दर्शकों को एक जबरदस्त मुकाबला देखने को मिलने की उम्मीद है।







