डेलीबार्ता,मेरठ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को उत्तर प्रदेश के मेरठ में देश की परिवहन व्यवस्था को नया दिशा देते हुए मेरठ मेट्रो और नमो भारत रैपिड रेल सेवा का उद्घाटन किया। इस ऐतिहासिक मौके पर उन्होंने शताब्दीनगर स्टेशन से दोनों ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। इस परियोजना के तहत दिल्ली-मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर के दो अहम हिस्सों का लोकार्पण किया गया।
मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक 23 किलोमीटर लंबे रैपिड रेल-मेट्रो कॉरिडोर की शुरुआत हुई, जबकि दिल्ली में न्यू अशोक नगर से सराय काले खां के बीच 5 किलोमीटर का नया सेक्शन जनता को समर्पित किया गया। अब 82 किलोमीटर लंबे पूरे आरआरटीएस कॉरिडोर पर नमो भारत ट्रेन चलने लगी है।
स्कूली बच्चों के साथ की यात्रा
प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर बटन दबाकर औपचारिक उद्घाटन किया। उन्होंने शताब्दीनगर स्टेशन पर नमो भारत रैपिड रेल (Namo Bharat Rapid Rail) और मेरठ मेट्रो को हरी झंडी दिखाई। इसके बाद उन्होंने स्कूली बच्चों के साथ मेरठ मेट्रो में यात्रा करके नई सेवा का अनुभव लिया। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया और कार्यक्रम में उनके साथ रहे।
Read more:
- 125 फीट नीचे बनेगा इंदौर मेट्रो का सबसे गहरा स्टेशन
- दिल्ली मेट्रो फेज 5A – राजधानी की रफ्तार को लगेंगे नए पंख
- झीलों की शहर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल
5 घंटे का सफर 55 मिनट में होगा पूरा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मोहिउद्दीनपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पहले मेरठ से दिल्ली पहुंचने में चार से पांच घंटे लगते थे। अब यह सफर मात्र 55 मिनट में पूरा होगा। उन्होंने इसे प्रदेश की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि तेज और आधुनिक परिवहन व्यवस्था नए भारत की पहचान बन रही है।
मेरठ अब उन चुनिंदा शहरों में शामिल हो गया है जहां एक ही ट्रैक पर हाई-स्पीड नमो भारत ट्रेन और मेट्रो दोनों का संचालन शुरू हुआ है। इससे शहर के शहरी परिवहन को नई गति मिलेगी। दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
सीएम योगी ने प्रधानमंत्री के विजन के तहत मेरठ में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के निर्माण की तेजी से प्रगति की बात की। साथ ही, नोएडा मेट्रो एक्सटेंशन को मंजूरी मिलने पर उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार जताया। भविष्य में इसके उद्घाटन के लिए फिर मेरठ आने का आमंत्रण भी दिया।
बढेगी कनेक्टिविटी,बढेगा व्यापार, मिलेगे रोजगार के अवसर
मेरठ मेट्रो (Meerut Metro)और नमो भारत रैपिड रेल (Namo Bharat Rapid Rail) शुरू होने से दिल्ली-मेरठ की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रोजगार, व्यापार और शहरी विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।







