नई दिल्ली। अंतर्राष्ट्रीय घटनाओं की तपिश से भारतीय बाजार अछूता नहीं रहता।पश्चिम एशिया (West Asia) में महीनों से जारी संघर्ष ने अब भारतीय अर्थव्यवस्था के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं। वैश्विक रेटिंग दिग्गज मूडीज़ (Moody’s) ने भारत की जीडीपी वृद्धि दर के अपने पिछले अनुमान 6.8% को घटाकर अब 6% कर दिया है। यह कटौती महज़ एक आंकड़ा नहीं, बल्कि उन चुनौतियों की आहट है जो आने वाले महीनों में मध्यम वर्ग की रसोई से लेकर बड़े उद्योगों के बैलेंस शीट तक दिखने वाली हैं।
वैश्विक अनिश्चितता का “साइड इफेक्ट’
मूडीज़ की ताजा रिपोर्ट में साफ कहा गया है कि वैश्विक स्तर पर छाई अनिश्चितता और सप्लाई चेन (आपूर्ति श्रृंखला) में आ रहे व्यवधान भारत जैसे उभरते बाजारों के लिए ‘ब्रेक’ का काम कर रहे हैं। मूडीज़ के विश्लेषकों का मानना है कि पश्चिम एशिया में बढ़ता तनाव अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक मार्गों को असुरक्षित बना रहा है, जिससे माल ढुलाई महंगी हो रही है और भारत के आयात बिल में अप्रत्याशित बढ़ोतरी की आशंका है।
कच्चा तेल बना भारत की सबसे कमजोर नस
भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों का लगभग 80-85% हिस्सा आयात के जरिए पूरा करता है। पश्चिम एशिया इस आपूर्ति का केंद्र है। मूडीज़ की रिपोर्ट के पीछे का सबसे बड़ा डर यही ‘ब्लैक गोल्ड’ यानी कच्चा तेल है।अगर खाड़ी देशों में संघर्ष और गहराता है, तो कच्चे तेल की कीमतें $90-$100 प्रति बैरल के पार जा सकती हैं। तेल की कीमतों में लगी यह आग भारत में महंगाई के इंजन को हवा देगी। तेल महंगा होने का सीधा मतलब है-
- माल ढुलाई में बढ़ोतरी- ट्रक और लॉजिस्टिक्स महंगे होंगे, जिससे फल-सब्जियों के दाम बढ़ेंगे।
- लागत जनित मुद्रास्फीति – प्लास्टिक, खाद और रसायनों का उत्पादन महंगा हो जाएगा।
- राजकोषीय घाटा- सरकार को तेल और उर्वरक सब्सिडी पर ज्यादा खर्च करना होगा, जिससे विकास कार्यों के लिए पैसा कम बचेगा।
महंगाई दर 4.8% का अनुमान
मूडीज़ ने आगाह किया है कि भारत में खुदरा महंगाई दर 4.8% तक जा सकती है। सुनने में यह आंकड़ा छोटा लग सकता है, लेकिन अर्थशास्त्र की भाषा में यह ‘उपभोग’ का दुश्मन है। जब खाने-पीने की चीजें महंगी होती हैं, तो मध्यम और निम्न आय वर्ग के लोग विवेकाधीन खर्च (जैसे नया फोन खरीदना, गाड़ी लेना या बाहर घूमना) कम कर देते हैं। मांग में आई यही कमी अंततः फैक्ट्रियों के उत्पादन और नए रोजगार के अवसरों को निगल जाती है।
read more :
- पश्चिम एशिया की जंग भारत में मार बाइक-स्कूटर खरीदना हुआ महंगा
- Vivo कंपनी ने भारत में लॉन्च किया vivo v70 FE
- समंदर के बीच बदला दांव
आरबीआई के सामने धर्मसंकट
अब सबकी नजरें भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की ‘मौद्रिक नीति समिति’ पर टिकी हैं। मूडीज़ के अनुमानों ने आरबीआई के सामने धर्मसंकट पैदा कर दिया है।
- दिक्कत- यदि आरबीआई विकास को रफ्तार देने के लिए ब्याज दरें घटाता है, तो महंगाई और बढ़ सकती है।
- परिणाम- यदि महंगाई को रोकने के लिए ब्याज दरें स्थिर रखी गईं या बढ़ाई गईं, तो आपके होम लोन और कार लोन की ईएमआई (EMI) कम नहीं होगी। कर्ज महंगा होने से कंपनियां भी नया निवेश करने से कतराएंगी।
निवेश और रोजगार पर की अनिश्चितता
भारत के लिए पश्चिम एशिया केवल तेल का स्रोत नहीं है, बल्कि लाखों भारतीयों का कार्यस्थल भी है। रिपोर्ट के इतर, जानकारों का मानना है कि अगर युद्ध लंबा खिंचा, तो वहां काम कर रहे भारतीयों की आय प्रभावित होगी। भारत दुनिया में सबसे ज्यादा विदेशी धन (Remittance) प्राप्त करने वाला देश है। खाड़ी देशों से आने वाले इस पैसे में कमी आने का मतलब है ग्रामीण अर्थव्यवस्था और विदेशी मुद्रा भंडार पर सीधा प्रहार।
उम्मीद की किरण
इतने नकारात्मक संकेतों के बीच, मूडीज़ और अन्य विश्लेषकों ने भारत की कुछ मूलभूत शक्तियों (Fundamentals) पर भी भरोसा जताया है-
- मजबूत बैंकिंग सेक्टर- भारतीय बैंकों की बैलेंस शीट पिछले दशक के मुकाबले काफी बेहतर है।
- इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर- सरकार की ‘गति शक्ति’ जैसी योजनाएं और बुनियादी ढांचे पर भारी खर्च मंदी के असर को कम कर सकते हैं।
- डिजिटल इकोनॉमी- भारत की डिजिटल ताकत और सेवा क्षेत्र (Service Sector) अभी भी मजबूती से डटे हुए हैं।
सावधानी का समय
मूडीज़ द्वारा विकास दर को 6.8% से घटाकर 6% करना एक चेतावनी भरा संदेश है। यह समय नीति निर्माताओं के लिए ‘बंकर’ तैयार करने का है। सरकार को न केवल तेल के वैकल्पिक रास्तों पर विचार करना होगा, बल्कि घरेलू मांग को बनाए रखने के लिए राजकोषीय प्रोत्साहन भी देने पड़ सकते हैं।
आम आदमी के लिए संदेश साफ है—आने वाले कुछ महीने आर्थिक रूप से उतार-चढ़ाव भरे हो सकते हैं। वैश्विक संघर्ष की यह आंच अब केवल खबरों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सीधे हमारे बटुए पर वार करने को तैयार है।







