अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतिष्ठित अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के भीतर बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब परिसर में ही एक शिक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अज्ञात हमलावरों ने एएमयू के एबीके बॉयज़ स्कूल में तैनात कंप्यूटर शिक्षक दानिश अली (45) को बेहद नजदीक से गोलियां मार दीं। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए शिक्षक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे विश्वविद्यालय परिसर में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

कैंपस के भीतर सरेशाम हमला
जानकारी के अनुसार, यह वारदात एएमयू कैंपस के कैंडी हॉल के पास उस समय हुई, जब दानिश अली रोज़ की तरह शाम के समय टहल रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो नकाबपोश युवक वहां पहुंचे और बिना किसी बहस के दानिश अली पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। एक गोली उनके सिर में जा लगी, जबकि अन्य गोलियां शरीर के ऊपरी हिस्से में लगीं।
गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद छात्र और कर्मचारी मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। आनन-फानन में घायल शिक्षक को जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शिक्षा जगत में शोक, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
दानिश अली एएमयू के एबीके बॉयज़ स्कूल में कंप्यूटर शिक्षक के पद पर कार्यरत थे और अपने सौम्य स्वभाव व शैक्षणिक दक्षता के लिए जाने जाते थे। वे एएमयू से ही शिक्षित थे और उनका परिवार भी लंबे समय से शिक्षा जगत से जुड़ा रहा है। उनके पिता विश्वविद्यालय में कर्मचारी रह चुके थे, जबकि मां शिक्षिका थीं। उनके भाई भी एएमयू के इंजीनियरिंग विभाग में अध्यापन कार्य से जुड़े हैं।
घटना की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां कोहराम मच गया। विश्वविद्यालय के शिक्षक, छात्र और कर्मचारी बड़ी संख्या में अस्पताल और घटनास्थल पर जुट गए।
पुलिस ने शुरू किया मैनहंट
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे इलाके को घेराबंदी कर छानबीन शुरू की गई। पुलिस ने कैंपस और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। अज्ञात बदमाशों की तलाश में मैनहंट चला दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। यह भी जांच की जा रही है कि वारदात व्यक्तिगत रंजिश, पुरानी दुश्मनी या किसी अन्य कारण से तो नहीं की गई। फिलहाल अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
Also read – मराठी अस्मिता का आख़िरी दांव? BMC चुनाव में ठाकरे बंधुओं का मास्टर स्ट्रोक या आत्मघाती जोखिम
विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
घटना के बाद एएमयू की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। छात्रों और शिक्षकों का कहना है कि इतने बड़े और संवेदनशील परिसर में सरेशाम इस तरह की हत्या होना बेहद चिंताजनक है। कई छात्रों ने परिसर में गश्त बढ़ाने और बाहरी लोगों की आवाजाही पर सख्ती की मांग की है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी घटना पर गहरा दुख जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी करने का आश्वासन दिया है।
कैंपस में भय और आक्रोश
शिक्षक की हत्या से एएमयू का माहौल गमगीन है। कक्षाओं में सन्नाटा पसरा हुआ है और हर कोई इस सवाल का जवाब चाहता है कि आखिर सुरक्षित माने जाने वाले विश्वविद्यालय परिसर में इस तरह की वारदात कैसे हो गई। लोगों को उम्मीद है कि पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा करेगी।
एएमयू परिसर में शिक्षक की गोली मारकर हत्या ने न केवल विश्वविद्यालय बल्कि पूरे अलीगढ़ को झकझोर दिया है। पुलिस की चुनौती अब जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़कर इस जघन्य अपराध के पीछे की सच्चाई सामने लाने की है।






